लोहाघाट (चंपावत)। दूध के दाम को बढ़ाने की मांग को लेकर ग्रामीण क्षेत्र के दुग्ध उत्पादक मुखर हो गए हैं। उन्होंने बुधवार को रैली निकालकर पांच रुपये लीटर दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया। इस समय ग्रामीण दुग्ध उत्पादक लोहाघाट की दुकानों में 30 और घरों में 32 रुपये लीटर दूध दे रहे हैं। शीघ्र दूध के दाम नहीं बढ़ाए जाने पर रायनगर चौड़ी, फोर्ती, सुंई, गल्लागांव, कोयाटी आदि गांवों से आए दुग्ध उत्पादकों ने बाजार में दूध की आपूर्ति ठप करने की चेतावनी दी है।
दुग्ध उत्पादक केशव दत्त, पूरन सिंह, हरीश सिंह, कमला देवी, हेमा देवी के नेतृत्व में दुग्ध उत्पादकों ने दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर रामलीला मैदान से एसडीएम कोर्ट तक जुलूस निकाला। बाद में दुग्ध उत्पादकों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। कहा कि पांच साल से दूध के दाम नहीं बढ़े हैं, जबकि पशु आहार, खली, चारे, घास, भूसे के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। कहा कि 2014 तक हर साल एसडीएम की अध्यक्षता में दूध के दामों की समीक्षा कर बढ़ोत्तरी की जाती थी। मगर छह साल से दुग्ध उत्पादक लगातार दूध की कीमतें बढ़ाने की मांग करते रहे हैं, मगर दाम नहीं बढ़े। एसडीएम आरसी गौतम ने कहा कि दूध के दाम बढ़ाने को लेकर शीघ्र ही व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी और राजेंद्र पुनेठा ने दुग्ध उत्पादकों की मांगों का समर्थन किया। जानकी देवी, दुर्गा देवी, हेमा देवी, कमला राय, गीता देवी, सरिता देवी, नीमा देवी, मंजू देवी, आशा देवी, गौरी देवी, गीता गिरी, ममता रतूड़ी, कमला जोशी, सुनीता देवी, बसंती, बीना देवी, अनीता देवी, गोविंद बल्लभ चौबे, उर्वादत्त चौबे, देवीदत्त जोशी, उमेद सिंह बिष्ट, हरीश चंद्र, प्रकाश चंद्र, गणेश दत्त चौबे, मदन सिंह आदि मौजूद थे।