पाटी (चंपावत)। पाटी विकासखंड के बिसारी के जंगलों में अराजक तत्वों ने आग लगा दी। इससे करीब आधा हेक्टेयर से अधिक जंगल आग की चपेट में आ गया। जंगलों की आग के आबादी में पहुंचने से करीब पांच छह घास के लुट्टे जल कर राख हो गए। सोमवार को अराजक तत्वों ने बिसारी के जंगल में आग लगा दी जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई और वह लखनपुर नैनी के खेतों तक आ गई।
आग की चपेट में आने से भैरव दत्त भट्ट और अन्य ग्रामीणों के घास के पांच से छह लुट्टे जल गए। जंगल में लगी आग को बुझाने में स्थानीय लोगों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। इस कार्य में भैरव दत्त भट्ट, विनीता गहतोड़ी, बुद्धि बल्लभ, नीमा गहतोड़ी, भागीरथी, जगत सिंह, भावना, सरिता, कमला, दीपा, सुमन, चंचला आदि ने सहयोग किया।