लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के ग्राम पंचायत पऊ के छमनियां तोक में लोगों की नाप भूमि पर अवैध तरीके से जबरन सड़क निर्माण का मामला सामने आया है। पीड़ित लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर तत्काल सड़क निर्माण पर रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने सड़क निर्माण में रोक न लगने पर एसडीएम कार्यालय परिसर में आमरण अनशन की चेतावनी दी। लोगों की ओर से एसडीएम आरसी गौतम को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ लोगों की ओर से ग्राम पंचायत पऊ के ग्रामीणों की नाप भूमि में अवैध रूप से जबरन जेसीबी से सड़क कटान किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना था कि इस स्थान से सड़क बनाने के लिए न तो ग्राम पंचायत से कोई अनापत्ति ली गई है और न ही पीड़ित लोगों से ही। उनकी भूमि को मनमाने तरीके से काटा जा रहा है। उन्होंने एसडीएम से तत्काल सड़क निर्माण को रोकने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में बंशीधर पांडेय, गिरीश चंद्र पांडेय, शेखर चंद्र, कैलाश चंद्र, गिरीश चंद्र, मदन मोहन, मोहन चंद्र सगटा, विनोद पांडेय, कैलाश चंद्र, पुष्कर दत्त, नंदा पांडेय, सुमित चनकन्याल, पूरन चंद्र आदि शामिल रहे।