चंपावत। हंस फाउंडेशन चंपावत राजकीय डिग्री कॉलेज में बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा। फाउंडेशन के संस्थापक भोले जी महाराज ने इसके लिए उसने 50 लाख रुपये देने का एलान किया है। इस राशि का उपयोग कंप्यूटर, स्मार्ट कक्षाएं, प्रयोगशाला उपकरण, फर्नीचर और पुस्तकों के लिए किया जाएगा।
एबीवीपी से जुड़े छात्रों ने इस मदद के लिए हंस फाउंडेशन, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत और विधायक कैलाश गहतोड़ी आभार जताया है। वहीं छात्रों ने शुक्रवार को प्राचार्य राधेश्याम भट्ट से मुलाकात कर इस राशि के उपयोग के लिए क्रय समिति का गठन कर पूरी पारदर्शिता के साथ खर्च करने का आग्रह किया। इस समिति में मौजूदा छात्रसंघ प्रतिनिधियों के साथ ही पूर्व प्रतिनिधियों को भी सदस्य बनाने का आग्रह किया है। प्राचार्य से मिलने वालों में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पारस महर, एबीवीपी के सह जिला संयोजक ललित देउपा, शंकर जोशी, विकास गिरी, संजय कलखुड़िया, दीपा जोशी, प्रवेश सिंह, सुमित तिवारी आदि मौजूद थे।