संवाद न्यूज एजेंसी, टनकपुर (चंपावत)। कोरोना महामारी के बीच वेतन नहीं मिलने से आर्थिक तंगी से जूझ रहे रोडवेज कर्मचारी बृहस्पतिवार को सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ सड़क पर उतर आए। उन्होंने काला फीता बांधकर वर्कशॉप गेट पर जोरदार प्रदर्शन कर जल्द वेतन का भुगतान न करने पर परिवार संग धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के बैनर तले कर्मचारी काले फीते बांधकर वर्कशॉप गेट पर एकत्र हुए और यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री नीरज सिंह के नेतृत्व में जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा कि कोरोना महामारी के संकट में कर्मचारियों को अप्रैल से दो माह के वेतन का भुगतान नहीं मिला है। जिस कारण कर्मचारी और उनका परिवार आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है, लेकिन सरकार और निगम प्रबंधन को कर्मचारियों की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आगाह किया है कि शीघ्र वेतन नहीं दिया गया तो वे परिवार के साथ निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में क्षेत्रीय अध्यक्ष सिराजुद्दीन, प्रांतीय उपाध्यक्ष हरीश जोशी, शेर सिंह बिष्ट, लोहाघाट डिपो के मंत्री रविंद्र जोशी, रवि शर्मा, सलज, ज्ञानेंद्र, संजय, प्रवीण जोशी, रईस अहमद, अमित कपूर, धर्मेंद्र, विक्की, नक्षत्र पाल, डूंगर सिंह, किशन लाल, प्रकाश नाथ आदि कर्मचारी शामिल थे।