लोहाघाट (चंपावत)। टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के बार-बार अवरुद्ध होने के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम के लोहाघाट डिपो को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वाया टनकपुर होते हुए दिल्ली, देहरादून आदि स्थानों के लिए बसों का संचालन न होने के कारण डिपो को अगस्त माह में अभी तक 45 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। रोडवेज बसों का संचालन कम होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टनकपुर जाने के लिए यात्री वाया रीठासाहिब, सूखीढांग या हल्द्वानी से जाने को मजबूर हो रहे हैं।
सोमवार को रोडवेज ने वाया देवीधुरा होते हुए नैनीताल, देहरादून एक-एक और दिल्ली के लिए दो बसों भेजी हैं। डिपो के वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी भुवन चंद्र आर्या ने बताया कि देवीधुरा रूट से बड़ी बसें के संचालन के लिए पास न होने के कारण यहां से छोटी बसें भेजी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि टनकपुर से वाया देवीधुरा के रास्ते 34 सीटर दो बसें मंगाई गई हैं। जो कि मंगलवार से दिल्ली के लिए संचालित होंगी। बताया कि रोडवेज के पास 16 छोटी बसें हैं जो टनकपुर में फंसी हुई हैं। उन्होंने बताया कि टनकपुर से दिल्ली के लिए दो, देहरादून तीन, गुरुग्राम और बरेली के लिए एक-एक बस संचालित की गई है।