ब्लॉक के मानमती गांव तक सड़क बनने के बाद सोमवार को जब गांव में टैक्सी पहुंची तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। गांव के लोग टैक्सी का स्वागत करने के लिए गाजे-बाजे के साथ सड़क तक पहुंचे। विधायक निधि से बनी इस सड़क के लिए ग्रामीणों ने विधायक मुन्नी देवी शाह को फूलमाला पहनाई।
मानमती गांव देवाल ब्लॉक में सबसे अधिक आबादी वाला गांव है जो आज तक सड़क सुविधा से वंचित था। गांव के लोग कई किमी पैदल चलकर बैंक, स्वास्थ्य व अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए देवाल पहुंचते थे। गांव की बुजुर्ग दुर्गा देवी (83) और पुष्कर गड़िया (80) ने कहा कि सड़क के इंतजार में आंखें पथरा गई थीं। सड़क बनने से युवाओं को अब उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय जाने में आसानी होगी। इस मौके पर दर्शन दानू, दिवानराम, विजय कपरूवाण, शीतल दानू, राकेश जोशी, कृष्णा बिष्ट, समीर मिश्रा, नरेंद्र बिष्ट, दलबीर दानू, केडी मिश्रा, उमेश मिश्रा, नंदा देवी, नंदी कुनियाल और राजेंद्र बिष्ट आदि मौजूद थे। संवाद