चमोली: चुनावी पटरी पर दौड़ने लगी सरकार, महिलाओं और युवाओं पर फोकस, दूरस्थ गावों तक पकड़ बनाने की कोशिश
सीएम ने नकल विरोधी कानून से लेकर युवा आयोग और हर जिले में डिजिटल लाइब्रेरी की बात कर युवाओं और खास तौर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे जेन जी को साधने की कोशिश की।
विस्तार
हाल ही में सीएम धामी ने राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर भराड़ीसैंण में जहां योजनाओं और घोषणाओं के जरिए प्रदेश की जनता को बांधा। वहीं बिना नाम लिए विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि आपने महिलाओं को न्याय दिया जबकि कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ जो किया वो अब सामने आ रहा है।
सीएम ने नकल विरोधी कानून से लेकर युवा आयोग और हर जिले में डिजिटल लाइब्रेरी की बात कर युवाओं और खास तौर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे जेन जी को साधने की कोशिश की। वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग देश में युवाओं के बहाने अराजकता का माहौल तैयार करना चाह रहे हैं।
सीएम ने लंबे समय से आशा, आंगनबाड़ी और भोजनमाताओं के साथ अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाकर गांव तक असर पहुंचाने का प्रयास किया। वहीं अंकिता और जेनी प्रकरण को लेकर विपक्ष पर प्रहार किया।
उत्तराखंड स्थापना दिवस: युवा आयोग बनेगा, अतिथि शिक्षकों का बढ़ेगा मानदेय, भराड़ीसैंण में सीएम ने की 13 घोषणाएं
ये वो वाले नहीं, हमारे वाले हरक सिंह हैं
राज्य स्थापना दिवस पर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह उस वक्त ठहाकों से गूंज उठा, जब मंच से ''हरक सिंह'' नाम को लेकर मजेदार चुटकी ली गई। दरअसल, चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी संबोधन के दौरान मंच पर बैठे दायित्वधारी हरक सिंह नेगी की तरफ मुड़े। नाम लेते ही उन्होंने माहौल को हल्का करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा अरे भाई! ये वो वाले हरक नहीं हैं, ये हमारे अपने वाले हरक सिंह हैं।
बस फिर क्या था, मंत्री जी के इस देसी और चुटीले अंदाज पर मंच पर बैठे दिग्गज और सामने मौजूद जनता अपनी हंसी नहीं रोक पाई। नाम एक जैसे, पर अंदाज निराला... मंत्री जी की इस हाजिरजवाबी ने समारोह में ठहाके लगा दिए।
