वाम दलों और इससे जुड़े संगठनों ने पेट्रोल, डीजल के दामों में कटौती करने और महंगाई समेत अन्य मुद्दों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट परिसर में वाम दल के कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर धरना दिया। संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच ने 12 सूत्री मांगों के साथ कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। सीटू के अध्यक्ष मदन मिश्रा व सचिव मनमोहन रौतेला ने कहा कि 45वें, 46वें श्रम सम्मेलन की सिफारिशों के अनुरूप आशा, आंगनबाड़ी, भोजनमाता सहित अन्य संविदा कर्मियों को नियमित किया जाए। कोरोना संक्रमण के दौरान आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम प्रहरी और सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण पीपीई किट व 50 लाख रुपये का बीमा लाभ देने की मांग की गई। इस मौके पर ज्ञानेंद्र खंतवाल, भारती राणा, सरिता हिंदवाल, आशा कोटवाल, सरिता कोहली, सरिता रावत, अर्चना, सरोजनी, शांति, कमलेश गौड़, गजेंद्र बिष्ट, नंदन सिंह और मनोज कुमार आदि मौजूद थे।