राजकीय प्राथमिक विद्यालय झिंझोणी के अभिभावकों ने शिक्षकों की मांग को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय नारायणबगड़ में प्रदर्शन कर धरना दिया। अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय में छात्र संख्या पूरी होने के बाद भी शिक्षकों की कमी बनी है जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने शिक्षकों की नियुक्ति के लिए बीईओ को ज्ञापन सौंपा। कहा कि यदि शीघ्र विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद आठ जुलाई से ग्रामीण आंदोलन तेज करेंगे।
एसएमसी के अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण लगातार विद्यालय में छात्र संख्या घट रही है। पूर्व में विद्यालय में 125 छात्र संख्या थी, जो घटकर 90 हो गई है। आर्थिक स्थिति से मजबूत लोग अपने पाल्यों को शहरों में शिक्षा के लिए ले जा रहे हैं, जबकि गांव में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के बच्चों की पढ़ाई शिक्षकों की कमी के कारण चौपट हो रही है। सुरेंद्र कनेरी ने कहा कि कई जगह छात्र संख्या कम होने के बावजूद पर्याप्त शिक्षक हैं, लेकिन यहां 90 छात्र-छात्राएं होने के बावजूद दो शिक्षकों के भरोसे काम चलाया जा रहा है। इस मौके पर महावीर भंडारी, मनवीर बिष्ट, योगंबर सिंह आदि मौजूद थे। वहीं, बीईओ खुशाल सिंह टोलिया ने कहा कि विद्यालय में छात्रों की संख्या पर्याप्त होने के कारण विद्यालय में व्यवस्था पर एक अन्य शिक्षक भेजा जा रहा है, जबकि विद्यालय में 2 शिक्षक पहले से ही हैं।