Uttarakhand News: जंगली मशरूम खाने से महिला की मौत, कपकोट के कुंवारी में सास ने दम तोड़ा; बहू की हालत नाजुक
कुंवारी में जंगली मशरूम खाने से सास की मौत हो गई है। बहू की हालत गंभीर बनी हुई है। सड़क बंद होने के कारण बहू को अस्पताल नहीं लाया जा सका है। गांव में ही उसका घरेलू इलाज किया जा रहा है।
विस्तार
चमोली जिले की सीमा से सटे तहसील क्षेत्र के अंतिम गांव कुंवारी में जंगली मशरूम खाने से सास की मौत हो गई है। बहू की हालत गंभीर बनी हुई है। सड़क बंद होने के कारण बहू को अस्पताल नहीं लाया जा सका है। गांव में ही उसका घरेलू इलाज किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव के लिए रवाना हो गईं हैं।
कुंवारी की निवर्तमान ग्राम प्रधान धर्मा देवी ने बताया कि रविवार को धनुली देवी (65) पत्नी धरम राम और उनकी बहू कविता (27) पत्नी खिलाफ राम अपने पुराने मकान के समीप खेतों में राजमा की गुड़ाई कर रहे थे। इसी दौरान धनुली देवी को खेत में मशरूम दिखे। उन्होंने मशरूम तोड़े और गुड़ाई के बाद दोपहर को पुराने घर में रोटी के साथ सब्जी बना ली। दोपहर बाद तक जब दोनों महिलाएं घर नहीं पहुंची खिलाफ उन्हें देखने गया। पुराने घर में धनुली देवी की मौत हो चुकी थी और कविता बेहोश थी। तत्काल उसने ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने जड़ी-बूटी से कविता का उपचार शुरू किया। दो-तीन बार उल्टी होने के बाद कविता को होश आया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसओ खुशवंत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को गांव भेज दिया गया है।
घटना के समय दूसरे घर में थे बच्चे
मृतका धनुली देवी के परिवार में उनका बेटा, बहू और तीन पोते-पोतियां हैं। घटना के समय तीनों बच्चे अपने पिता के साथ दूसरे घर में थे। ग्रामीण महेंद्र सिंह ने घटना की सूचना कपकोट अस्पताल में दी। महेंद्र ने बताया कि अंबुआ गधेरे के समीप भूस्खलन आने से सड़क बंद है। जिसके कारण कविता को अस्पताल नहीं लाया जा सका है।
छह किमी पैदल, खिलाफ ने अस्पताल ले जाने से कर दिया मना
बदियाकोट-कुंवारी सड़क जहां पर बंद है, वहां से गांव की दूरी छह किमी है जिसे देखते हुए खिलाफ ने अपनी पत्नी को अस्पताल ले जाने से मना कर दिया। ग्रामीण महेंद्र ने बताया कि एक तरफ खिलाफ की मां की मृत्यु हो चुकी थी। घर में छोटे-छोटे बच्चे और पत्नी की हालत नाजुक होने के कारण पति काफी परेशान है।ग्रामीणों के समझाने के बाद भी उसने कविता को सड़क तक लाने और एंबुलें की सहायता लेने से मना कर दिया। अब महिला का गांव में ही जड़ी बूटी इलाज किया जा रहा है।
कुंवारी गांव में मशरूम खाने से बीमार हुई महिला की हालत में कुछ सुधार की सूचना मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजा जा रहा है। पुलिस टीम भी गांव जा रही है। जल्द से जल्द टीम गांव पहुंचकर प्रभावित को उचित मदद उपलब्ध कराएगी।
-अनिल सिंह रावत, एसडीएम, कपकोट