बागेश्वर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की वयोश्री योजना के तहत बागेश्वर के नुमाइशखेत मैदान में लगाया गया दो दिवसीय शिविर संपन्न हो गया है।
रविवार को भी शिविर में चयनित दिव्यांगों और बुजुर्ग जनों को ज्वायस्टिक ऑपरेटेड व्हील चेयर, दृष्टिबाधितों को स्मार्ट केन, टैबलेट, डिजी प्लेयर, श्रवण बाधितों को डिजिटल कान की मशीन आदि उपलब्ध कराए गए। जो लोग शनिवार को शिविर में नहीं आ पाए थे।
उन्हें रविवार को लाभांवित किया गया। जिले में चयनित 1080 लाभार्थियों को करीब 92.62 लाख रुपये की लागत से 3169 सहायक यंत्र एवं उपकरण वितरित किए गए हैं। इससे पहले पांच दिन तक गरुड़ और कपकोट विकासखंड में शिविर लगाकर दिव्यांग और बुजुर्गों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए थे। शनिवार को शिविर का ऑनलाइन उद्घाटन केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने किया था। शिविर के सफलता पूर्वक संपन्न होने पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी केएन तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी बीसी जोशी, एल्मिको के उप प्रबंधक हरीश कुमार ने सभी का आभार जताया। (संवाद)