बागेश्वर। पिंडर घाटी के दूरस्थ गांव खाती के ग्रामीणों ने सड़क, बिजली और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को खाती के ग्राम प्रधान कैलाश सिंह दानू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम विनीत कुमार को ज्ञापन सौंपकर कहा कि खरकिया से खाती गांव तक पांच किमी मोटर मार्ग स्वीकृत है, लेकिन आज तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। सड़क सुविधा न होने से उन्हें कई किमी पैदल चलना पड़ता है। गांव बिजली की सुविधा से वंचित है। लंबे समय तक मांग करने के बाद गांव में दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत कुछ पोल तो लगाए गए लेकिन बिजली आपूर्ति आज तक नहीं हो पाई है।
क्षेत्र में संचार सुविधाएं भी नहीं हैं। कई बार मांग करने के बाद भी क्षेत्र में मोबाइल टावर नहीं लग पाया है। लोगों को मोबाइल पर बात करने के लिए 10 किमी से अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। कहा कि सरकार डिजिटल इंडिया का नारा दे रही है लेकिन गांव के लोग नेटवर्क के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द समस्याओं का निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहां प्रकाश सिंह, मान सिंह, राजन सिंह, आनंद सिंह, भगत सिंह, दयाल सिंह आदि शामिल थे।