बागेश्वर। कपकोट के जगथाना ग्राम पंचायत के धौड़ागाड़ तोक के पगराड़ी गधेरे में विधायक निधि से बना पक्का पुल वर्ष 2013 में बाढ़ आने से बह गया था। इस पुल का अब तक पुनर्निर्माण नहीं हो पाया है। गांव के नौ परिवार गधेरे में पेड़ का तना डालकर आवाजाही कर रहे हैं।
पगराड़ी गधेरे के किनारे नौ परिवार निवास करते हैं। यह लोग वर्ष 2013 की आपदा के बाद से बेहद परेशान हैं। आवाजाही करने में दिक्कत आ रही है। गांव के लोगों ने आवाजाही के लिए पेड़ का तना डाला है। पेड़ के तने से सयाने लोग तो आवाजाही कर लेते हैं, लेकिन बुजुर्ग, बच्चों, बीमार लोगों को हाथ पकड़कर गधेरा पार कराया जाता है।
जगथाना निवासी राजेंद्र सिंह दानू ने बताया कि कई बार पुल का निर्माण करने की मांग उठाई जा चुकी है। जनप्रतिनिधियों के साथ ही डीएम को पत्र दिया जा चुका है, लेकिन पुल का निर्माण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण नहीं हुआ तो वह लोग आंदोलन छेड़ने को बाध्य हो जाएंगे। उधर कपकोट के विधायक बलवंत सिंह भौर्याल का कहना है कि जगथाना के पगराड़ी गधेरे में पुल का निर्माण कराया जाएगा।