बागेश्वर। जिला स्पोर्ट्स सेंटर गागरीगोल (गरुड़) ने पैरालीक गोला फेंक में स्वर्ण पदक विजेता सागर थायत, 100 मीटर दौड़ में राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त पूजा सजवाण और स्कूल स्तरीय खेलों में पदक प्राप्त खिलाड़ियों को प्रतीक चिह्न और पदक देकर सम्मानित किया।
जिला वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष गोविंद सिंह मटियानी ने जिला स्पोर्ट्स सेंटर गागरीगोल का शुभारंभ करते हुए कहा कि गरुड़ क्षेत्र में खेल गतिविधियों की अपार संभावनाएं हैं। वहां के युवाओं को एक अच्छे प्रशिक्षक की जरूरत है। गागरीगोल में स्पोर्ट्स सेंटर खुलने से खिलाड़ियों को अच्छे प्रशिक्षक के साथ-साथ खेल सामग्री भी मिलेगी। साथ ही उन्हें आगे बढ़ने का भी मौका मिलेगा। जिला स्पोर्ट्स सेंटर के प्रबंधक भूपाल सजवाण ने सेंटर से संचालित की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन शंकर दत्त खुल्बे ने किया। इस मौके पर इंटर कालेज गागरीगोल के प्रधानाचार्य नंदन सिंह अलमिया, कपकोट के मदन मोहन उप्रेती, मोहन चंद्र कंसेरी, एडवोकेट हरीश जोशी, मनमोहन सिंह परिहार, भुवन बोरा, हरीश नेगी, पूरन चंद्र जोशी, नंदन सिंह सजवाण आदि थे।