बागेश्वर। सरकारी विभागों का कामकाज करने का ढंग कैसा है, सरकारी महकमे अपने दायित्वों का किस तरह से निर्वहन करते हैं। इसकी बानगी बागेश्वर नगर के सैंज क्षेत्र में देखी जा सकती है। सिंचाई विभाग की ओर से बनाए गए मार्ग की हालत बेहद खराब है। बड़े-बड़े गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। विभाग ने मुंह मोड़ा तो इलाके के लोग स्वयं रास्ते की मरम्मत में जुट गए है।
सैंज में सिंचाई विभाग के नाले के ऊपर लोगों के आवागमन के लिए सीमेंटेड रास्ता बना हुआ है। देखरेख के अभाव में रास्ता तमाम जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। रास्ते पर बने चैंबर टूट गए हैं। लोगों की जालियां उखड़ गई हैं। बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कई बार लोगों ने विभाग के सामने मामला उठा दिया है लेकिन विभाग रास्ते की सुध नहीं ले रहा है।
विभागीय उपेक्षा से खिन्न सैंज के लोगों ने स्वयं रास्ते की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। सैंज निवासी एडवोकेट अर्जुन लाल टम्टा ने अपने मकान के आसपास क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत की है, तो एक स्थान पर अमित कुमार, राजेंद्र आगरी, बिहारी लाल, दयानंद टम्टा, भगवती प्रसाद टम्टा आदि ने क्षतिग्रस्त चैंबरों की मरम्मत की है।