बागेश्वर। विभागीय संविदा की मांग को लेकर जिला सैनिक एवं पुनर्वास कल्याण के संविदा कर्मचारियों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने सातवां वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने की भी मांग की। जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की भी चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को धरने पर डटे कर्मचारियों ने सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक के पांच साल के कार्यकाल में कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर लिए गए निर्णयों को सांझा किया। कहा कि निदेशक के कार्यकाल के दौरान 2016 से कर्मचारियों का ईपीएफ बंद करा दिया गया। कर्मचारियों को वर्ष में मिलने वाला बोनस बंद कराया गया। पहले वेतन महीने की एक या दो तारीख को मिलता था, जिसे महीने की 15 तारीख कर दिया गया।
बताया कि कोई भी कर्मचारी अगर बीमार होने पर कार्यालय नहीं आ पाता तो उसकी छुट्टी खत्म होने पर वेतन काट दिया जाता है। कर्मचारियों ने कहा कि लगातार समस्याओं के निदान की मांग करने के बाद भी अनदेखी की जा रही है। जिसे किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर जिला सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी रमेश चंद्र तिवारी, दीप चंद्र बिष्ट, महेश कांडपाल, शोबन सिंह, मोहन चंद्र पंत, किशन परिहार आदि ने धरना दिया।