Bageshwar: शादी से घर लौट रहे आरपीएफ के जवान को रास्ते में बेरहमी से पीटा, पटक-पटककर तोड़ा मोबाइल; जानें मामला
शादी समारोह से लौट रहे आरपीएफ के जवान को पड़ोसी गांव के पांच युवकों ने बेरहमी से पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें सीएचसी बैजनाथ पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया है।
विस्तार
मटेना निवासी आरपीएफ के जवान गोविंद बल्लभ बड़सीला पुत्र नंदाबल्लभ बड़सीला इन दिनों छुट्टी पर घर आए हैं। शनिवार देर रात वह दो साथियों के साथ नगर पंचायत के गढ़सेर वार्ड में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। तभी मटेना-जिनखोला मोटर मार्ग पर राहुल बोरा, करन बोरा, महेंद्र और पप्पू बिष्ट निवासी जिनखोला तथा भाष्कर नेगी निवासी बंड ने उनकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव के लिए आए गोविंद के बड़े भाई संजय बड़सीला के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
सड़क पर पटक-पटककर फोड़ा मोबाइल
मारपीट के दौरान वीडियो बनाने पर आरोपियों ने रेलवे पुलिस के जवान गोविंद का मोबाइल भी छीन लिया और साक्ष्य मिटाने के लिए उसे सड़क पर पटक-पटक कर फोड़ दिया।
घटना से आक्रोश, पुलिस से कार्रवाई की मांग
मारपीट की घटना से मटेना के ग्रामीणों में तीव्र आक्रोश है। ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि आए दिन कई मनचले युवक बाइकों पर सवार होकर आते हैं। सड़क पर महिलाओं और बच्चों को भी परेशान करते हैं। लोगों को डराते-धमकाते हैं जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने रात में पुलिस से नियमित गश्त करने और अराजक तत्वों पर नकेल कसने की मांग की है। इस दौरान मटेना के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भोला दत्त तिवारी, प्रशासक रविशंकर बिष्ट, कैलाश खुल्बे, उपेंद्र जोशी, रेवाधार कांडपाल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।