बागेश्वर। सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के उपनल संविदा कर्मचारियों ने तीन सूत्री मांगों के लिए हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारी सातवें वेतनमान का लाभ, विभागीय संविदा और अगस्त महीने में आंदोलन के दौरान के रोके गए वेतन का भुगतान करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन पर डटे रहने की चेतावनी दी है।
सोमवार को सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने धरना देकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को अब तक विभागीय संविदा नहीं दी गई है। उन्हें छठे वेतनमान का लाभ तो मिला, लेकिन सातवें वेतन का लाभ नहीं दिया जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने पर वेतन भी रोक दिया गया है। कहा कि कर्मचारी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। ऐसे में वेतन रोका जाना गलत है। कर्मचारियों ने कहा कि अगर जल्द उनकी सभी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर आरसी तिवारी, शोबन सिंह बिष्ट, दीप चंद्र बिष्ट, कमला तिवारी, किशन सिंह, बसंत बल्लभ जोशी, महेश चंद्र कांडपाल आदि मौजूद रहे।