बागेश्वर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी विनीत कुमार के निर्देशन में डिग्री कॉलेज सभागार में सखी बूथों में नियुक्त महिला पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारी प्रथम को मास्टर ट्रेनरों ने प्रशिक्षण दिया। कपकोट और बागेश्वर विधानसभा सीट में एक-एक सखी बूथ बनाए गए हैं। सखी बूथों के लिए चार मतदान टीमें बनाई गई हैं। इनमें सभी मतदान कर्मी महिलाएं होंगी।
परियोजना निदेशक/नोडल प्रशिक्षण संजय सिंह और जिला विकास अधिकारी संगीता आर्य के नेतृत्व में दिए जा रहे प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम चंद्र सिंह इमलाल ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण संपन्न कराना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक अपने कार्यों और दायित्वों में पूर्ण दक्षता हासिल करें। कहा कि पीठासीन अधिकारी हस्तपुस्तिका का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें। कहा कि प्रशिक्षण की बारीकियों को गहनता से आत्मसात करें। प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर दीप जोशी, डॉ. राजीव जोशी, केएन कांडपाल ने ईवीएम संचालन के बारे में जानकारी दी।