बागेश्वर। राजस्व संवर्ग में मिनिस्टीरियल संवर्ग के कर्मचारियों की तैनाती के विरोध में मंगलवार को दूसरे दिन भी राजस्व संवर्ग के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। तहसील परिसर में धरना देकर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द मामले का उचित संज्ञान न लिए जाने पर एक अप्रैल से कलमबंद हड़ताल की चेतावनी दी।
राजस्व निरीक्षक, उप निरीक्षक संघ के कर्मचारियों ने प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को नायब तहसीलदार और तहसीलदार की अनुपस्थिति में उनका कार्यभार दिए जाने पर विरोध जताया है। संघ के अध्यक्ष जगदीश परिहार ने कहा कि पूर्व में राजस्व निरीक्षक और रजिस्ट्रार कानूनगो को इन पदों का कार्यभार दिया जाता था। अब नायब तहसीलदार, तहसीलदार के पदों पर मिनिस्टीरियल संवर्ग के प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को पदोन्नत कर तैनाती दी जा रही है। इससे राजस्व उपनिरीक्षक और अन्य कर्मचारियों के अनुभव की अनदेखी हो रही है। इस मौके पर संरक्षक आनंद पुरी, उपाध्यक्ष कुंदन मेहता, भगवती जोशी, दया कृष्ण पंत, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, संगठन मंत्री गोविंद नाथ गोस्वामी आदि थे।