बागेश्वर। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने डिग्री कॉलेज में कोविड केयर सेंटर बनाने का विरोध किया है। छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ जोशी के नेतृत्व में छात्रों के एक दल ने प्राचार्य अंजू अग्रवाल के माध्यम से उच्च शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि डिग्री कॉलेज में कोविड केयर सेंटर न खोला जाए। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई में दखल पड़ने के साथ ही संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। वर्तमान में कॉलेज में परीक्षाएं चल रही हैं। आने वाले समय में प्रवेश प्रक्रिया होगी। यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार नवंबर से कक्षाएं संचालित की जानी हैं।
ऐसे में कोविड केयर सेंटर खुलने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित होने के साथ ही उनके मन में कोरोना संक्रमण का डर पैदा हो जाएगा। पदाधिकारियों ने कॉलेज में कोविड सेंटर खोलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में राजेंद्र दानू, जयदीप कुमार, हिमांशु जोशी, अर्जुन थापा, हरेंद्र दानू आदि शामिल थे।