बागेश्वर। यहां बागनाथ मंदिर प्रांगण में शनिवार को राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की जिला इकाई की बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने पुरानी पेंशन योजना को शुरू करने की मांग की। आगामी नौ नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली में जिले से भी भागीदारी करने पर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने पुरानी पेंशन योजना बंद कर दी है। पुरानी पेंशन योजना बंद करने से कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग की। कर्मचारी शिक्षक संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष केसी मिश्रा ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष करेगा। बताया गया कि नौ नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली में जिले से भी भागीदारी होगी। इसमें जिले से राजकीय शिक्षक संगठन, मिनिस्टीरियल फेडरेशन, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संगठन, डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, डिप्लोमा फार्मासिस्ट संगठन आदि संगठनों के पदाधिकारी रैली में हिस्सा लेंगे। बैठक में मिलिंद बिष्ट, भुवन चंद्र जोशी, आलोक पांडे, कपिल पांडे, मुकेश नगरकोटी आदि थे।