कौसानी (बागेश्वर)। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की एक रिजॉर्ट में दो दिनी बैठक संपन्न हुई। इसमें राज्य में पत्रकार उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई। विभिन्न जिलों से आए संगठन के पदाधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्र में मीडिया के सामने आ रही चुनौतियां, उत्पीड़न, हमले की घटनाओं के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से संबंधित समस्याओं को साझा किया। पत्रकारों के विरुद्ध पुलिस को मिलने वाली शिकायतों के मद्देनजर गिरफ्तारी के खिलाफ सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित किया गया। पत्रकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से पहले सीओ या उससे उच्च स्तर के किसी सक्षम प्राधिकारी से जांच कराने की भी मांग की गई।
यूनियन के अध्यक्ष त्रिलोक भट्ट ने कहा कि संगठन में केवल सक्रिय सदस्यों को ही स्थान दें। इसलिए अनुशासन भंग करने वाले कुछ पदाधिकारियों का संगठन से निष्कासन भी किया गया। संगठन ने आगामी वर्ष में यूनियन का द्विवार्षिक महाधिवेशन और चुनाव के लिए योजना पर भी सहमति बनी। भावी योजनाओं का वार्षिक कैलेंडर बनाने, फरवरी तक संगठन की सदस्यता नवीनीकरण समेत स्थानीय इकाइयों के चुनाव भी प्रादेशिक चुनाव से पहले कराने का निर्णय लिया गया। श्रेष्ठ कार्य करने वाली इकाइयों को सम्मानित कर उन्हें संगठन प्रमाण पत्र भी देगा। बैठक में संदीप पांडे, अखिल आजाद, नकुल पंत, जगदीश उपाध्याय, नंदन मोहन पाठक, राजकुमार परिहार, दया जोशी, भावना पाठक, अजय सरल, मेहरबान सिंह, ललित कांडपाल, जितेंद्र सक्सेना, कैलाश चंद्र, सुरेश पाठक, डॉ. दिनेश जोशी, देवेंद्र चौहान, श्रवण कुमार, महफूज आलम आदि थे।