बागेश्वर। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं अजय रौतेला ने बुधवार को बागेश्वर पुलिस लाइन का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिले में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने के लिए कहा।
आईजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बलुवा ड्रिल और स्कॉट ड्रिल के बारे में बताया। किट की जांच कर उत्तम किट लगाने वाले कांस्टेबल राजेंद्र सिंह थाना कौसानी, धीरज सिंह यातायात बागेश्वर, देवेंद्र सिंह कोतवाली बागेश्वर को पुरस्कार के लिए चुना। इस दौरान उन्होंने शस्त्रों, स्टोर रूम, बैरक, व्यायाम कक्ष, भोजनालय, एमटी शाखा आदि को देखा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।
उधर, उत्तराखंड पुलिस वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष रिमझिम रौतेला ने बागेश्वर पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों की पत्नियों को आत्मनिर्भर बनने के टिप्स दिए। सम्मेलन के दौरान उन्होंने महिलाओं से वार्तालाप कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस लाइन परिसर के पास कूड़ादान लगाने, बच्चों की शिक्षा के लिए पुलिस मॉडर्न स्कूल खोलने की मांग रखी।