Bageshwar: डीजीसीए ने किया ट्राॅयल...पांच मार्च से नियमित उड़ान भरेगा हेलीकॉप्टर, ट्रायल देखने पहुंची थी भीड़
गरुड़ में लंबे इंतजार के बाद मेलाडुंगरी हेलीपेड पर हेलीसेवा का ट्रायल संपन्न हुआ। अधिकारियों को ट्रायल को सफल बताया है। अब हेलीपैड से देहरादून और हल्द्वानी के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू हो जाएगी।
विस्तार
बागेश्वर जिले के गरुड़ में लंबे इंतजार के बाद मेलाडुंगरी हेलीपेड पर हेलीसेवा का ट्रायल संपन्न हुआ। अधिकारियों को ट्रायल को सफल बताया है। अब हेलीपैड से देहरादून और हल्द्वानी के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू हो जाएगी। लोगों ने हेलीसेवा की सौगात मिलने पर शासन-प्रशासन का आभार जताया है।
सोमवार को हेलीसेवा के ट्रायल की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के गांवों से काफी संख्या में लोग मेलाडुंगरी हेलीपैड पहुंच गए थे। लोग बेसब्री से हेलीकॉप्टर के आने का इंतजार कर रहे थे। करीब पौने बारह बजे डीजीसीए के अधिकारियों को लेकर सात सीटर हेलीकॉप्टर मेलाडुंगरी हेलीपैड पर पहुंचा। ऑपरेशन मैनेजर अभिलाष पटवाल के नेतृत्व में तीन सदस्यों की टीम ने बारीकी से हेलीपैड का निरीक्षण किया। हेलीपैड पर बने वेटिंग रूम समेत अन्य व्यवस्थाओं की जांच की।
एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया कि तकनीकी निरीक्षण के बाद अधिकारियों को लेकर हेलीकॉप्टर वापस लौट गया है। अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद डीजीसीए की ओर से फाइनल अनुमति मिलने का इंतजार है। जिसके बाद ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि चार या पांच मार्च से सेवा नियमित हो जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार निशा रानी, नायब तहसीलदार प्राची बहुगुणा समेत विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिले के लोगों को लंबे समय से हेलीसेवा शुरू होने का इंतजार था। सेवा को जल्द शुरू कराने के लिए तेजी से कार्य किया गया। ट्रायल के बाद जिला भी उड़ान सेवा से जुड़ गया है। हेलीसेवा शुरू होने से हल्द्वानी और देहरादून का सफर करने वालों को आसानी होगी। -आशीष भटगांई, डीएम बागेश्वर
हेलीसेवा का ट्रायल संपन्न होने जिले के लिए बेहद खास है। हेलीसेवा शुरू होने से जिले के पर्यटन को बल मिलेगा।लोगों को हल्द्वानी और देहरादून जाने के लिए सड़क मार्ग से लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। हेलीसेवा बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ही जिलेवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार होगी। -पार्वती दास, विधायक, बागेश्वर