बागेश्वर। बिलौना में आयोजित गणेश महोत्सव मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हो गया है। भक्तों ने आयोजन स्थल से समण मंदिर तक शोभायात्रा निकाली। समण मंदिर के समीप सरयू में गणपति का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आना के जयकारे लगाए।
बिलौना में गणेश पूजन कमेटी की ओर से 31 अगस्त से गणेश महोत्सव का आयोजन कराया जा रहा था। दस दिन तक चले कार्यक्रम में शाम को आरती और रंगारंग कार्यक्रम कराए गए। पंचमी के बाद से रोजाना रात के समय आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में क्षेत्र के लोक कलाकारों को अपनी गीत, संगीत और नृत्य कला दिखाने का मौका दिया गया।
शुक्रवार की सुबह मंदिर में विधिविधान से पूजा और हवन-यज्ञ हुआ। दोपहर बाद पूजा पंडाल से भगवान गणेश की मूर्ति के साथ शोभायात्रा निकाली गई। पूरा क्षेत्र भगवान गणेश के जयकारों से गुंजायमान रहा। गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा समण मंदिर तक पहुंची और सरयू नदी में मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। वहां पर लक्ष्मण सिंह घनौला, सुंदर लाल, भूपेंद्र घनौला, तेज सिंह, चंदन सिंह, गोपाल सिंह, राधेश्याम तिवाड़ी आदि थे।