बागेश्वर। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए जन शिक्षण संस्थान ने पोलिंग गांव में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। गांव की महिलाओं को फल और सब्जियों से जैम, जैली और अचार बनाने के गुर बताए गए। प्रशिक्षण में गांव की 20 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र खेतवाल ने कहा कि क्षेत्र में फसल और सब्जियों का बहुतायत में उत्पादन होता है। प्रशिक्षक आनंद शाही ने आम, मूली, अदरक, गाजर, आंवला, लहसुन, नाशपाती, गोभी आदि फल और सब्जियों से अचार, जैम और जैली बनाने की बारीकियां बताई। महिलाओं को इन उत्पादों को लंबे समय से सहेजकर रखने और उचित दरों पर बिक्री करने की जानकारी दी। महिलाओं ने प्रशिक्षण को भविष्य के लिए लाभदायक बताया और स्थानीय उत्पादों की मदद से स्वरोजगार करने की बात कही।