बागेश्वर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर डीएम विनीत कुमार और एसपी मणिकांत मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में नगर में कोरोना संक्रमण की रोकथाम और बचाव के लिए जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ कोतवाली से किया गया। इस दौरान नगर में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करते हुए मास्क, सुरक्षित दूरी, बार-बार हाथ धोने, सैनिटाइजर इस्तेमाल आदि के बारे में जानकारी दी गई। डीएम ने कहा कि जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाना है। इधर, जिला पुलिस ने भी राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता को बनाए रखने की शपथ ली। वहीं रेडक्रॉस सोसायटी और राष्ट्रीय सेवा योजना ने जीआईसी बागेश्वर में संयुक्त रूप से इस मौके पर कार्यक्रम किया। रैली में कांडा एसडीएम योगेंद्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक महेश चंद्र जोशी, नायब तहसीलदार दीपिका आर्या, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बागेश्वर डीआर वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन अजय कुमार आर्या आदि थे।