बागेश्वर। काफलीगैर क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और आपदा में क्षतिग्रस्त योजनाओं की मरम्मत को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन दिया। क्षेत्रवासियों ने प्राथमिकता के अनुसार सभी दिक्कतें दूर करने की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र लाल के नेतृत्व में ग्रामीणों का शिष्टमंडल जिलाधिकारी रीना जोशी से मिला। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष आपदा आने से क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था लेकिन अब तक पुनर्निर्माण के कार्य शुरू नहीं हुए हैं। आपदा में नहर और गूलों के ध्वस्त होने से क्षेत्रवासियों की खेती प्रभावित हो रही है। पेयजल स्रोतों के टूटने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
आपदा में क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। काफलीगैर-खौलसीर-नौगांव मोटर मार्ग डामर उखड़ने से बदहाल हो गया है। राइंका सैंज और काफलीगैर में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है। क्षेत्र के कई पात्र लोगों के राशन कार्ड अब तक नहीं बन सके हैं। लोगों को बिजली के बिल भी समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने सभी समस्याओं का संज्ञान लेकर जल्द निदान करने की मांग की। इस मौके पर ठाकुर सिंह रौतेला, महेंद्र प्रसाद, नंदन सिंह, घनश्याम सिंह, बहादुर सिंह, महेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।