बागेश्वर। बच्चों के शैक्षिक उन्नयन, वैज्ञानिक अभिरुचि, अभिवृत्ति के लिए जूनियर हाईस्कूल चमड़थल में शनिवार को बाल शोध मेला आयोजित किया गया। भोजन और पोषण थीम पर आधारित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गेहूं, चावल समेत क्षेत्र में उगने वाली विभिन्न फसलों और सब्जियों की जानकारी ली। उनके अनुकूल मौसम, मिट्टी संबंधी तथ्य अपने शोधपत्र में प्रस्तुत किए। दीवार पत्रिका अभिव्यक्ति के 12 अंकों का विमोचन भी किया गया। छात्र-छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई।
कार्यक्रम में चमड़थल के आदर्श गांव का मॉडल आकर्षण का केंद्र रहा। माया चंदोला, हेमा टाकुली के निर्देशन में विज्ञान साहित्य समेत ऐपण, हस्तशिल्प से बनी वस्तुओं की भी प्रदर्शनी लगाई गई। जूनियर हाईस्कूल पालड़ीछीना के प्रधानाध्यापक नंदाबल्लभ तिवारी मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित जीआईसी रातिरकेटी के ललित जोशी, चेतन गढ़िया, इंटर कॉलेज दफौट के सेवानिवृत्त अध्यापक ख्याली चरण चंदोला, पीटीए अध्यक्ष दर्शन आर्या ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। प्रीतम सिंह रावत ने संचालन किया। इस दौरान योगेश चंद्र पंडा, पुष्पा देवी, मीरा देवी आदि थे।