कपकोट (बागेश्वर)। राशन कार्ड ऑनलाइन और संशोधन कार्य के लिए लगे शिविर में क्षेत्र के सौ से अधिक लोगों ने आवेदन किया। हालांकि इंटरनेट की धीमी गति के कारण राशनकार्ड से संबंधित कार्य नहीं हो पाए।
ब्लॉक परिसर में जिला पूर्ति विभाग की ओर से सोमवार को लगाए गए राशन कार्ड ऑनलाइन और संशोधन कार्य शिविर में कई लोग पहुंचे। लोगों ने राशन कार्ड ऑनलाइन और संशोधन करने के लिए डीएसओ को संबोधित प्रार्थना पत्र, परिवार रजिस्टर की छायाप्रति, परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की छायाप्रति जमा की। अन्यत्र स्थान से कार्ड हस्तांतरित करने वाले लोगों ने संबंधित क्षेत्र का निरस्तीकरण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मुखिया की फोटो, वोटर आईडी और पासबुक की छायाप्रति दिलाई। नया राशन कार्ड बनाने वाले लोगों ने वीपीडीओ और ग्राम प्रधान की संस्तुति पत्र के साथ जरूरी दस्तावेज जमा किए। डीएसओ अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि नेटवर्क की दिक्कत के चलते राशन कार्ड से संबधित कार्य मौके पर नहीं हो पाए। जल्द आवेदकों के ऑनलाइन और संशोधन कार्य पूरे किए जाएंगे। शिविर में ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू लोगों की सहायता करते हुए दिखे। दानू ने कहा कि कपकोट में शिविर लगने से राशन कार्ड धारकों को राहत मिली है। शिविर में बीडीओ गंगा गिरी गोस्वामी, खाद्य निरीक्षक जीएस गंगवार, कनिष्ठ उपप्रमुख कवींद्र गढ़िया आदि थे।