बागेश्वर। भारतीय पर्वतारोहण संस्थान, नई दिल्ली ने स्वच्छता पखवाड़े के तहत यहां एक टीम भेजी थी। इस टीम ने पिंडर घाटी के खाती, वाछम, डौला, जैकुनी, उमला, सूपी गांवों से अजैविक कचरा बटोरा। टीम लीडर पुरमल सिंह धर्मशक्तू, वासुदेव पांडे के नेतृत्व में स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया गया। इंटर कॉलेज सूपी और खाती में आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार भी सिखाया गया। स्वास्थ्य शिविर लगाकर डॉ. दीपिका ने लोगों को दवाई और चिकित्सा सुविधा भी दिलाई। इस टीम में एनएसएस, खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय ने नेहरू युवा कल्याण केंद्र के स्वयंसेवकों को भी इसमें भेजा। रविवार को दो गाड़ियों में भरकर 426 कट्टे अजैविक कचरा पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल को सौंपा गया। उन्होंने इसका निस्तारण ट्रंचिंग ग्राउंड में करवाया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश सोनी, नवीन लाल साह, दीपक खेतवाल आदि थे।