महिलाओं ने शराब बेचने के लिए बनाया टिनशेड उखाड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शराब व्यवसायियों को मदिरा की दुकानें खोलने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सोमेश्वर बाजार में स्थित शराब की दुकान भी सप्ताहभर से बंद पड़ी है। शराब व्यवसायी ने पल्यूड़ा गांव में खेत विदेशी मदिरा की दुकान खोलने के लिए टिनशेड डाल दिया। इसकी भनक महिलाओं को लगी तो आधा दर्जन गांवों की महिलाएं हाथों में दरांती लेकर नारेबाजी करते हुए मौके पर पहुंचीं और उन्होंने टिनशेड ध्वस्त कर दिया। बाद में महिलाएं सोमेश्वर बाजार में सेल्समैनों के कमरे में पहुंच गईं। चैनल का ताला तोड़कर कमरे में तोड़फोड़ की और भीतर मिले अद्धे-पव्वे फोड़ डाले। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। महिलाओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई।
सोमेश्वर के शराब व्यवसायी ने कस्बे से करीब तीन
सौ मीटर दूर पल्यूड़ा गांव में खेत में मदिरा की दुकान खोलने के लिए टिनशेड खड़ा कर दिया। शुक्रवार को दिन में इसकी भनक क्षेत्र के गांवों की महिलाओं को लगी तो सायं चार बजे अर्जुनराठ, रतुराठ, मल्लाखोली, दलमोड़ी, जड़मेजर, बुड़ेजर, भानाराठ विधुना, धन्यारी की काफी संख्या में महिलाएं हाथों में दरांती लेकर नारेबाजी करते हुए सोमेश्वर बाजार होते हुए पल्यूड़ा पहुंचीं। शराब बंद करो के नारे लगाते हुए आक्रोशित महिलाओं ने खेत में लगाए गए टिनशेड को ध्वस्त कर दिया। महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र में शराबबंदी लागू की जाए।
इलाके में कहीं भी शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएंगी। यदि शराब की दुकान खोलने की कोशिश हुई तो उसे भी ध्वस्त कर दिया जाएगा। पल्यूड़ा से महिलाएं सोमेश्वर बाजार पहुंची और उन्होंने सेल्समैनों के कमरे में धावा बोल दिया। चैनल का ताला तोड़ डाला और कमरे के भीतर तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। महिलाओं का आरोप था कि पुलिस अवैध शराब के धंधे पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। महिलाओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन में भानाराठ की प्रधान पुष्पा बोरा, अर्जुनराठ की प्रधान नंदी देवी, जिला पंचायत सदस्य पल्यूड़ा सुनीता बोरा, बसंती देवी, देवकी, बचुली, असुली, आशा, कमला बोरा, तारा देवली, हेमा कैड़ा, पूजा जोशी, कमला, माया, रूपा बोरा आदि शामिल थीं।