अल्मोड़ा। पेयजल लाइन शिफ्टिंग और पंप बदलने के लिए मंगलवार को नगर के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति ठप रही। इससे लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। पानी न आने से लोगों ने स्टोर किए गए पानी से काम चलाया।
जल संस्थान ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज की पेयजल लाइन शिफ्टिंग की। इसके साथ ही मटेला पंपिंग योजना में नया पंप और मोटर लगाया गया। इससे टैंक में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे सर्किट हाउस टैंक से जुड़े मुख्य बाजार, माल रोड, नयालखोला, कचहरी बाजार, राजपुरा क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप रही। पानी न मिलने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर दुगालखोला समेत अन्य क्षेत्रों में भी पानी की किल्लत चल रही है। गर्मी बढ़ने के साथ नगर के दुगालखोला समेत कई मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों में जल संकट गहरा गया है। इससे लोगों की परेशानी दिनों दिन बढ़ रही है। हालांकि विभाग की ओर से पानी की किल्लत झेल रहे क्षेत्रों में टैंकर से पानी बांटा जा रहा है। मंगलवार को भी जल संस्थान ने दुगालखोला आदि क्षेत्रों में पेयजल टैंकर भेजा। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। जल संस्थान सूत्रों के मुताबिक बुधवार से पेयजल आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है।