UK: दूल्हे के वाहन को सुरक्षित घर पहुंचाया लेकिन अपनों को न बचा सका सुरेश, पत्नी और पुत्र की मौत से हुआ बेसुध
शादी के बाद लोहाघाट से लौटते समय एक सड़क दुर्घटना में सुरेश चौबे की पत्नी भावना और पुत्र प्रियांशु की मौत हो गई, जबकि दूसरा पुत्र चेतन गंभीर रूप से घायल है। पत्नी-पुत्र के एक साथ मौत से सुरेश बेसुध है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शादी समारोह में ससुराल गए सुरेश चौबे के घर की खुशियां छिन गईं। वाहन दुर्घटना में उनकी पत्नी और पुत्र की मौत हो गई जबकि एक पुत्र की हालत गंभीर है। दुर्घटना में एक साथ परिवार के दो लोगों की मौत से मातम छाया है। गांव में शोक की लहर है।
दरअसल मितड़ी पिपोड़ा निवासी सुरेश चौबे परिवार के साथ गंगोलीहाट स्थित ससुराल में शादी समारोह में गए थे। गंगोलीहाट से सुरेश अपने बच्चों के साथ बरात में लोहाघाट गए थे। इस दौरान सुरेश दूल्हे के वाहन को चलाकर दूल्हे के घर पहुंच गए थे जबकि उनके बच्चे दूसरे वाहन से लौट रहे थे। जिस वाहन में उनके बच्चे बैठे थे वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान उनकी पत्नी भावना (28) और पुत्र प्रियांशु (6) की मौत हो गई जबकि चेतन (5) घायल है। इसकी खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र में कोहराम मचा हुआ है।
पत्नी से जिंदगी भर साथ निभाने का वादा रह गया अधूरा
दूल्हे को सुरक्षित घर पहुंचाकर चालक सुरेश चौबे ने अपना पूरा फर्ज निभाया लेकिन जीवन भर साथ निभाने का वादा करने के बाद भी न तो पत्नी को बचा सका और न ही पुत्र को। सुरेश अपने परिवार के साथ गंगोलीहाट स्थित ससुराल गया था। वहां से परिवार के साथ बरात में लोहाघाट गया था। सुरेश चौबे पेशे से चालक है। पत्नी और पुत्र को खोने के बाद सुरेश बदहवास है। हादसे में प्रियांशु की मौत होने से उसका छोटा भाई चेतन भी दुखी है। पांच वर्षीय चेतन हालांकि अधिक नहीं जानता हो लेकिन घर में लोगों की भीड़ और सुन्न पड़े भाई को देखकर वह भी कभी लोगों को देख रहा है तो कभी भाई को। उसकी मासूमियत पर वहां सांत्वना देने पहुंच रहे लोगों की भी आंखें नम हो जा रही हैं।