अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर के छात्रों ने रानीखेत के विधायक करन मेहरा द्वारा कुमाऊं विवि छात्र महासंघ अध्यक्ष धनंजय बेलवाल को धमकाने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए उनका पुतला जलाया। उन्होंने कहा कि छात्र महासंघ के अध्यक्ष धनंजय बेलवाल ने विधायक मेहरा के सामने समस्याएं रखीं तो इस पर विधायक ने उनके साथ बदसलूकी और अभद्रता की जिसका वीडियो सोशल मीडिया में लगातार वायरल हो रहा है।
एसएसजे परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विधायक करन मेहरा के रवैये की निंदा की। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के बजाय छात्र महासंघ अध्यक्ष के साथ अभद्रता करना विधायक को शोभा नहीं देता।
पुतला दहन कार्यक्रम में छात्र संघ उपाध्यक्ष अरविंद सिंह बोहरा, महासचिव नवीन कनवाल, उपसचिव दीपक तिवारी, कोषाध्यक्ष राहुल अधिकारी, पूर्व महासचिव अक्षय कुमार टम्टा, मनोज कुमार, नितिन रावत, यश देवली, विशाल कनवाल, उज्जवल आदि मौजूद थे।