द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। ग्राम पंचायत ईड़ा में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों का आमरण अनशन बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। डॉ.आशीष नौटियाल के नेतृत्व में स्वास्थ विभाग की टीम ने आमरण अनशन पर बैठे दोनों आंदोलनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अनशनकारी पुष्कर सिंह का स्वास्थ्य काफी गिर गया है। डा. नौटियाल ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी है। प्रशासन और संबंधित विभाग में से कोई भी अनशनकारियों की सुध लेने नहीं पहुंचा है।
पिछले ढाई महीने से पानी की समस्या से परेशान ईड़ा वासियों ने पूर्व में भी आंदोलन किया था। तब विभागीय अधिकारियों ने 15 दिन में समस्या का समाधान करने के आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त करवाया। आश्वासन के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने फिर आमरण अनशन प्रारंभ कर दिया। गांव में तीन दिनोें से आमरण अनशन चल रहा है। 78 वर्षीय बुजुर्ग राजेंद्र सिंह और 40 वर्षीय पुष्कर सिंह अनशन पर बैठे हैं। लोगों का आरोप है कि न तो विभागीय अधिकारी वहां पहुंच रहे हैं और न ही प्रशासन की ओर से उनकी सुध ली जा रही है। अनशन स्थल पर हेमंत बिष्ट, विपिन आर्या,आनंद प्रकाश, मोहन सिंह, दीपक सिंह, मनोज रावत आदि ग्रामीण मौजूद रहे। इधर पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी आदि ने आंदोलन स्थल पर जाकर आंदोलन को समर्थन जताया।