अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवक हर्षित राय ने राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव प्रतियोगिता में जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। ऑनलाइन गोष्ठी में स्वयं सेवक ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जिला स्तर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद छात्र का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. ममता असवाल ने बताया कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना और नेहरू युवा केंद्र संगठन के माध्यम से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर युवा संसद महोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। राष्ट्र निर्माण और नीति निर्धारण में युवाओं की भूमिका को लेकर संसद का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत एसएसजे विवि से भी एनएसएस स्वयंसेवकों ने जिला स्तर ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। नई शिक्षा नीति भारत की शिक्षा में परिवर्तन लाएगी, उन्नत भारत अभियान आदि विषयों पर गोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें एसएसजे के स्वयं सेवक हर्षित ने चंपावत जिले से प्रतिभाग करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। अब छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन 12 से 13 जनवरी को संसद भवन में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के संवाद के लिए होगा। प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को दो लाख, द्वितीय स्थान पाने वालों को डेढ़ लाख और तृतीय स्थान करने पर एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।