आठ माह से पानी नहीं, आठ को करेंगे चक्काजाम
सल्ट तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत विरल गांव मल्ला में आठ माह से पानी की आपूर्ति ठप है। ग्रामीण चार किमी दूर स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति शीघ्र बहाल न होने पर आठ मार्च को झिमार डोटियाल मोटर मार्ग में चक्काजाम करने का एलान किया है।
झिमार डोटियाल मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान जून में विरल गांव को पेयजल आपूर्ति करने वाली पेयजल योजना ध्वस्त हो गई थी।
आठ महीने से पेयजल योजना की मरम्मत नहीं की गई है। ग्रामीण चार किमी दूर स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढो रहे हैं। पेयजल स्रोतों में पानी लेने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ लग जा रही है। इसके बाद भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था से कई बार ध्वस्त हुई पेयजल योजना के पुनर्निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक पेयजल योजना की मरम्मत नहीं की गई है। ग्रामीणों ने आठ मार्च को झिमार डोटियाल मोटर मार्ग में चक्काजाम करने का एलान किया है।
ग्रामीणों ने एसडीएम एनएस नबियाल को ज्ञापन भी दिया है। ज्ञापन देने वालों में कनिष्ठ प्रमुख अनीता भट्ट, प्रधान कुंदन सिंह, पुष्कर शर्मा, देवी दत्त शर्मा, जमुना दत्त शर्मा, दयाकृष्ण भट्ट, लक्ष्मी दत्त, रमेश, मनोज कुमार, गोपाल सिंह, राजेश सिंह, हीरा सिंह, कुंती देवी, बसंती देवी, पान सिंह, भागा देवी, बसंती देवी, वीरेंद्र सिंह आदि थे।