रानीखेत (अल्मोड़ा)। मंगचौड़ा की सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए ग्रामीणों ने शुक्रवार को यहां तहसील मुख्यालय पहुंचकर लोनिवि और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बेमियादी धरना, प्रदर्शन किया जाएगा। कहा कि आधी अधूरी सड़क से ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। कहा कि अधूरी खस्ताहाल सड़क से दुर्घटना की आशंका है।
मंगचौड़ा के पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि अधिकतर ग्रामीण सब्जी उगाते हैं लेकिन अधूरी सड़क के कारण परेशानी हो रही है। जितनी सड़क बनी है, वह भी टूटने लगी है। कहा कि गांव की सुध नहीं ली जा रही है। विभागीय अधिकारी सड़क का निरीक्षण तक नहीं कर रहे हैं। इसी कारण जिस सड़क का निर्माण कार्य 2018 में पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन नहीं हुआ। कई जगह कलमठ और अन्य सुरक्षात्मक कार्य भी टूटने लगे हैं। सड़क सुधारने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है, पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। कहा कि अब ग्रामीण बेमियादी धरना देंगे। इनमें मोहन सिंह, प्रेम सिंह, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, गोविंद सिंह, दिनेश सिंह, डिगर सिंह, महेंद्र सिंह, योगेश सिंह, धाम सिंह, मनोज सिंह, नवीन सिंह, हरीश सिंह, देव सिंह, हिम्मत सिंह, कुंदन सिंह आदि थे।