Almora News: सल्ट के 150 से अधिक गांवों में 20 घंटे गुल रही बत्ती, 40 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित
अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड में बुधवार की रात हुई तेज बारिश के बाद बिजली और पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। सल्ट के 150 से अधिक गांवों में करीब 20 घंटे तक बिजली गुल रही। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विस्तार
अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड में बुधवार की रात हुई तेज बारिश के बाद बिजली और पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। सल्ट के 150 से अधिक गांवों में करीब 20 घंटे तक बिजली गुल रही। इससे यहां की 40,000 से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, ऊर्जा निगम के अधिकारियों का दावा है कि कुछ इलाकों में फाल्ट ढूंढकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जबकि ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में अब तक दिक्कत बनी हुई है।
बुधवार की देर रात जिले भर में जोरदार बारिश हुई। बारिश होने के कारण सल्ट विकास खंड को बिजली की आपूर्ति करने वाली लाइनों में फाल्ट आ गया। इस कारण विकासखंड के 150 से अधिक गांवों में बत्ती गुल हो गई। बृहस्पतिवार को भी बिजली की आपूर्ति सुचारु न होने के कारण सरकारी और गैस सरकारी कार्यालयों में काम प्रभावित रहा और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को दी। लेकिन इसके बाद भी बिजली की आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जरा सी बारिश होने पर क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित हो जाती है लेकिन कई बार की शिकायतों के बाद भी निगम लाइनों को दुरुस्त नहीं कर रहा है।
ये पढ़ें- Uttarakhand: ओपीएस बहाली की मांग पर शिक्षक-कर्मचारियों ने भरी हुंकार, अल्मोड़ा और बागेश्वर में किया प्रदर्शन
कोटेश्वर-शशीखाल योजना में नहीं हुई पंपिंग
बिजली की आपूर्ति बाधित होने के कारण बृहस्पतिवार को कोटेश्वर-शशीखाल योजना में पंपिंग भी नहीं हो पाई। जिस कारण इस योजना से प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पाई। मजबूरी में लोगों को पीने के पानी के लिए नदी और धारों का सहारा लेना पड़ा।
कार्य बहिष्कार पर ऊर्जा निगम के आउटसोर्स कर्मचारी
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ऊर्जा निगम के आउटसोर्स कर्मचारी वृहस्पतिवार से कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। ऐसे में बिजली की खराब पड़ी लाइनों को ठीक करने का काम भी बाधित हो गया है। कर्मचारी लंबे समय से मानकों के अनुरूप मानदेय दिए जाने, पीएफ में पैसा जमा किए जाने समेत अनेक मांगों पर कार्यवाही की मांग कर रहे थे। आउटसोर्स कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को अपनी मांगों को लेकर मानिला मंदिर परिसर में प्रदर्शन कर धरना भी दिया।
लगातार हो रही बारिश के कारण लाइनों में फाल्ट आ गया था। जिसे कई जगहों पर अब ठीक कर लिया गया है। शीघ्र ही सभी क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
-तसनीफ अनवर, एसडीओ, ऊर्जा निगम