Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Almora News ›   Impact of climate change on Himalayan glaciers has begun to intensify

चिंताजनक: हिमालय की धड़कन धीमी, ग्लेशियरों की चाल पर जलवायु परिवर्तन से ब्रेक; जानिए क्या होगा असर?

Sat, 28 Nov 2026 08:56 AM IST
Akash Dubey ललित भट्ट, अल्मोड़ा
ललित भट्ट, अल्मोड़ा Published by: Akash Dubey Updated Sat, 28 Nov 2026 08:56 AM IST
सार

जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के वैज्ञानिकों ने यह अध्ययन किया है। इससे भविष्य की जल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। विस्तार से पढ़ें पूरी खबर-

विज्ञापन
Impact of climate change on Himalayan glaciers has begun to intensify
चिंताजनक खुलासा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिमालय के ग्लेशियरों पर जलवायु परिवर्तन का असर गहराने लगा है। बर्फीली चोटियां न केवल सिकुड़ रही हैं बल्कि हिमनदों की रफ्तार भी धीमी पड़ रही है। कश्मीर हिमालय के 23 ग्लेशियरों पर हुए वैज्ञानिक अध्ययन में उनकी गति 16.9 से 29.4 फीसदी तक घटने का खुलासा हुआ है। इससे भविष्य की जल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

विज्ञापन


जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान और शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों का यह शोध फिजिक्स एंड केमिस्ट्री ऑफ द अर्थ जर्नल में प्रकाशित हुआ है। अध्ययन के अनुसार, पूरे अध्ययन काल में स्वच्छ बर्फ वाले ग्लेशियरों की औसत गति 19.7 मीटर प्रति वर्ष रही। आंशिक मलबे से ढके ग्लेशियरों की गति 16.6 मीटर और अधिक मलबे से ढके ग्लेशियरों की 12.6 मीटर प्रति वर्ष दर्ज की गई।
विज्ञापन


वर्ष 2003-04 से 2019-20 के बीच स्वच्छ बर्फ वाले ग्लेशियरों की गति में 23.7 फीसदी, आंशिक मलबे से ढके ग्लेशियरों में 29.4 फीसदी और अधिक मलबे से ढके ग्लेशियरों में 16.9 फीसदी की कमी आई। इस तरह सबसे अधिक गिरावट आंशिक मलबे से ढके हिमनदों में दर्ज की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


वैज्ञानिकों के अनुसार ग्लेशियरों की स्थिति समझने के लिए केवल उनके क्षेत्रफल में बदलाव का अध्ययन पर्याप्त नहीं है। उनकी गति, मोटाई, बर्फ का द्रव्यमान संतुलन, मलबे की मोटाई और फैलाव तथा पिघले पानी की उपलब्धता पर भी नियमित नजर रखना जरूरी है।

ऐसे हुआ अध्ययन
अध्ययन के लिए वर्ष 2003-04, 2009-10 और 2019-20 के टेरा-एस्टर और लैंडसैट उपग्रह चित्रों का विश्लेषण किया गया। बर्फ और उसकी सतह पर मौजूद प्राकृतिक आकृतियों के स्थान में बदलाव के आधार पर ग्लेशियरों की गति का आकलन किया गया। अध्ययन में शामिल 23 हिमनदों का कुल क्षेत्रफल करीब 66.1 वर्ग किलोमीटर था। इनमें 10 स्वच्छ बर्फ वाले, 10 आंशिक मलबे से ढके और तीन अधिक मलबे से ढके ग्लेशियर शामिल थे।

ये असर पड़ेगा
- बर्फ का संचय घटने, तापमान बढ़ने और ग्लेशियरों के पतले होने से उनकी गति और बर्फ का प्रवाह कमजोर पड़ सकता है। हालांकि गति में गिरावट अपने आप में किसी ग्लेशियर के पूरी तरह समाप्त होने का प्रमाण नहीं है।

- गर्मियों में तापमान बढ़ने से बर्फ का पिघलाव तेज होता है। सर्दियों में तापमान बढ़ने से हिमपात की जगह बारिश होने की संभावना बढ़ती है, जिससे ग्लेशियरों को नई बर्फ मिलने की मात्रा प्रभावित हो सकती है।

- अल्पकाल में तेजी से बर्फ पिघलने से कुछ नदियों में पानी बढ़ सकता है लेकिन लंबे समय में बर्फ का भंडार घटने से गर्मियों के दौरान नदी प्रवाह प्रभावित होने की आशंका है। इसका असर पेयजल आपूर्ति, सिंचाई, जलविद्युत परियोजनाओं और नदी आधारित पारिस्थितिकी पर पड़ सकता है।


हिमालयी ग्लेशियरों की गति में गिरावट जलवायु परिवर्तन के गंभीर प्रभावों को दर्शाती है। इससे भविष्य में जल संसाधनों, नदी प्रवाह और पारिस्थितिकीय संतुलन पर असर पड़ सकता है। अध्ययन ग्लेशियरों की नियमित और एकीकृत वैज्ञानिक निगरानी के साथ दीर्घकालिक जल सुरक्षा रणनीतियां तैयार करने की आवश्यकता बताता है। -आईडी भट्ट, निदेशक, जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed