रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी घूमने आने वाले सैलानियों के लिए अच्छी खबर है, डेढ़ साल पूर्व आम नागरिकों के लिए बंद हुआ गोल्फ मैदान अब प्रतिदिन दो घंटे के लिए खुल गया है। छावनी परिषद की बैठक में निर्णय होने के बाद सेना की तरफ से पुलिस, प्रशासन, छावनी परिषद के जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों की मौजूदगी में बंद गेट के ताले खोल दिए गए। मैदान का दक्षिणी भाग सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक खुला रहेगा जबकि मंगलवार को पूरा दिन लोग गोल्फ मैदान का लुत्फ उठा सकते हैं।
सोमवार को कैंट बोर्ड के नामित सदस्य मोहन नेगी, पूर्व उपाध्यक्ष संजय पंत, व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष चौधरी आदि पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के लोग भी वहां पहुंचे और दो घंटे के लिए मैदान खोला गया। सेना ने स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की शर्त पर ही मैदान खोला है। स्वच्छता के लिए छावनी परिषद को जिम्मेदारी दी गई है, इसके अलावा पुलिस की निगरानी निरंतर मैदान पर रहेगी। जनप्रतिनिधियों ने भी स्वच्छता पर ध्यान देकर सेना को सहयोग करने को कहा है। व्यापार संघ ने मैदान खुलवाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर आईएस साम्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट जय किशन, कोतवाल नासिर हुसैन का आभार जताया है।