राष्ट्रीय फुटबाल खेलेंगे राज्य के चार खिलाड़ी
कोलकाता में हुई सब जूनियर मीर इकबाल कप फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के लिए राज्य की टीम क्वालीफाई नहीं कर सकी, लेकिन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टीम के चार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में एक नैनीताल, एक बागेश्वर, दो खिलाड़ी देहरादून के हैं।
कोलकाता से लौटे टीम के मैनेजर, वरिष्ठ कोच मो. इदरीश बाबा ने बताया कि वे भी टीम के साथ गए थे। सब जूनियर प्रतियोगिता के फाइनल मैच में प्रवेश करने के लिए उत्तराखंड की टीम को दिल्ली की टीम को हराना था, लेकिन टीम 1-0 गोलों से हार गई। जिसके चलते फाइनल में क्वालीफाई नहीं कर सके। इससे पहले लीग मुकाबलों में टीम ने हिमाचल, चंडीगढ़ के साथ मुकाबले ड्रा रहे।
प्रबंधक ने बताया कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले नैनीताल के अनुराग चौधरी, देहरादून के सुमन पाल, शिवम थापा, बागेश्वर के राहुल दानू शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 22 मार्च से अभ्यास शिविर लगेगा। चारों चयनित खिलाड़ी गोवा जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कोच सुनील और प्रदेश फुटबाल संगठन के निदेशक अख्तर अली का बड़ा योगदान रहा है। बाबा का कहना है कि चारों चयनित खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है, इन्हें मौका मिलेगा तो जरूर राज्य का नाम रोशन करेंगे।