रानीखेत (अल्मोड़ा)। कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद करने सहित तीन सूत्री मांगों के लिए पेयजल तकनीकी फील्ड कर्मचारी संगठन के बैनर तले स्थानीय जल संस्थान शाखा में प्रदर्शन शुरू हो गया है। बुधवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत बेमियादी धरने पर बैठे पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों का बेवजह उत्पीड़न किया जा रहा है।
आरोप लगाया कि भीमताल महाप्रबंधक कार्यालय में तैनात एक व्यक्ति कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहा है। चेतावनी दी कि जब तक उक्त का स्थानांतरण नहीं किया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने भिकियासैंण इकाई कार्यालय में तैनात पंकज सिंह रावत का स्थानांतरण स्याल्दे मे किए जाने की मांग भी उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि जो भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी किसी कार्यालय में लिपिक का कार्य कर रहे हैं उनसे लिपिक का कार्य नहीं लिया जाए। वहां पर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, सचिव बसंत सिंह बिष्ट, प्रमोद कुमार पंत, हर सिंह बिष्ट, हीरा सिंह फर्त्याल, पूरन सिंह बिष्ट, हरीश राम, मदन जोशी, गिरीश जोशी आदि थे।