साइबर अपराधियों ने तीन खातों से 2.24 लाख उड़ाए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर में साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधियों ने तीन लोगों के खातों से 2.24 लाख रुपये निकाल लिए। इसमें पांडेखोला निवासी एक महिला के एसबीआई स्थित खाते से ही 1.80 लाख रुपये निकाल लिए जबकि दूसरे मामले में अपराधियों ने लोअर माल रोड निवासी एक व्यक्ति के खाते से 43 हजार रुपये साफ कर दिए। इसके अलावा एक अन्य महिला के खाते से भी एक हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल में मैसेज आने पर खाता धारकों को पैसे निकाले जाने की जानकारी मिली। दोनों प्रभावित खाता धारकों ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक साइबर अपराधियों ने मंगलवार को पांडेखोला निवासी किरन साह के एसबीआई खाते से 1.80 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद खाता धारक ने बैंक में जाकर संपर्क किया। बैंक के अधिकारी भी इस बारे में स्पष्ट कुछ नहीं बता पाए। बाद में महिला ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
दूसरे मामले में बदमाशों ने लोअर माल रोड निवासी जगदीश चंद्र के पीएनबी स्थित खाते से 43 हजार रुपये निकाल लिए। जैसे ही पीड़ित व्यक्ति के मोबाइल में पैसे निकलने का मैसेज आया तो उनके होश उड़ गए। गरीब परिवार का पीड़ित जगदीश चंद्र अपनी बेटी को साथ लेकर पंजाब नेशनल बैंक पहुंचा, लेकिन बैंक अधिकारियों ने कहा कि पैसा खाते से ट्रांसफर हो चुका है और अब पुलिस ही कुछ कर सकती है। इसके बाद पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की टीम ने बैंक पहुंचकर जांच पड़ताल की। जांच में पता चला कि बदमाशों ने इस पैसे के जरिये ने दो बार ऑनलाइन शॉपिंग करके भुगतान कर दिया। दिलचस्प बात यह है कि निकाले गए 43 हजार रुपये में से आठ हजार रुपये कसारदेवी निवासी पूजा टम्टा के खाते में आ गए। पुलिस ने पूजा टम्टा को बुलाकर पूछताछ की, लेकिन पूजा को इस बारे में कुछ पता नहीं था।
बाद में पूजा के खाते से भी यह पैसे ट्रांसफर हो गए। बदमाशों ने पूजा के खाते में पहले से जमा एक हजार रुपये भी साफ कर लिए। इधर, कोतवाली पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों की जांच चल रही है। खाताधारकों का कहना है कि उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति को अपने खातों या एटीएम का कोड आदि भी नहीं बताया था इसके बावजूद पैसा कैसे निकाल लिया यह बात पुलिस के भी समझ में नहीं आ रही है।
संस्था पर 113 लोगों का पैसा नहीं लौटाने का आरोप
हवालबाग ब्लॉक के पाखुड़ा गांव निवासी बिशन सिंह मुस्यैनी ने कोतवाली में समृद्धि जीवन मल्टी स्टेट पर्पज कोऑपरेटिव सोसायटी के दो कर्मचारियों और प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए संस्था में जमा पैसा नहीं लौटाने का आरोप लगाया है। बिशन सिंह मुस्यैनी का आरोप है कि संस्था के कर्मचारी फयाद हुसैन और किशन सिंह से पैसा मांगा तो उन्होंने इनकार कर दिया। बिशन सिंह का आरोप है कि इस संस्था ने अल्मोड़ा में कुल 113 लोगों द्वारा जमा पैसा नहीं लौटाया है। पुलिस के मुताबिक पैसा कितना जमा किया गया है रिपोर्ट में इसका उल्लेख नहीं है। जबकि, संस्था के ऑफिस में पिछले काफी समय से ताला लटका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।