{"_id":"1652546cb3b9bf692395ee02e0d1a308","slug":"noida-death-of-the-young-man-drowned-in-kosi-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नोएडा के युवक की कोसी में डूबकर मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
नोएडा के युवक की कोसी में डूबकर मौत
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, सोमेश्वर (अल्मोड़ा)
Updated Sun, 07 Jun 2015 11:45 PM IST
विज्ञापन
नोएडा निवासी युवक की बमनफल्यां गांव के समीप कोसी नदी में डूबकर मौत हो गई। युवक बमनफल्यां गांव में विवाह समारोह में आया था। इस घटना से बमनफल्यां गांव में खुशियां शोक में बदल गईं। युवक की मौत के बाद एटहोम (रिसेप्शन) भी रद्द कर दिया गया। इसके लिए तैयार खाना भी बर्बाद हो गया।
विज्ञापन
नोएडा के सेक्टर-चार निवासी आशुतोष (23) पुत्र भीम सिंह पिछले दिनों रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर) में किसी परिचित परिवार के यहां आया था। रुद्रपुर निवासी इस परिवार के रिश्तेदार बमनफल्यां गांव में रहते हैं जहां एक शादी समारोह था। अपने इस परिचित परिवार के साथ आशुतोष भी बमनफल्यां गांव में आया था।
विज्ञापन
शनिवार को गांव निवासी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम गीता मावड़ी के बेटे गौरव मावड़ी की वन-डे शादी थी। रविवार दोपहर एटहोम (रिसेप्शन) था। दिन में आशुतोष, देवेंद्र, ललित, शुभम, विजय और आनंद गांव से करीब आधा किमी दूर कोसी नदी में कजरोखाव में नहाने गया था।
विज्ञापन
नहाने के दौरान आशुतोष 2:23 बजे नदी में डूब गया। उसके साथियों को भी तैरना नहीं आता था। उन्होंने शोर मचाया और 100 और 108 को सूचित किया, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। युवकों ने आशुतोष के डूबने की सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। जब तक ग्रामीण पहुंचते तब तक आशुतोष की डूबकर मौत हो गई थी।
ग्रामीणों ने उसके शव को नदी से बाहर निकाला। इस घटना से बमनफल्यां गांव शोक में डूब गया। शादी का रिसेप्शन भी रद्द कर दिया गया। सोमेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया है।
एसआई दीवानी राम ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के घर वालों को नोएडा दे दी गई है। जानकारी के अनुसार आशुतोष ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।