रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनावों के बाद दो गुटों के बीच मारपीट के मामले में कांग्रेसियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
शनिवार को छात्रसंघ चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद रात अध्यक्ष पद के विजेता और पराजित प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट, अपहरण, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संयुक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा कि पुलिस ने 24 घंटे बाद तक एफआईआर नहीं की। एफआईआर होने के बाद पुलिस जांच अधिकारी सीओ के आने के बाद ही विवेचना शुरू करने की बात कर रही है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के साथ आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष महेश आर्या, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, नगर उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, अतुल जोशी, सोनू आदि थे।