जरा सी चूक से लग सकती है लाखों की चपत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एटीएम से पैसे निकालने के दौरान अगर आप सजग नहीं रहे तो साइबर अपराधी चंद मिनटों में आपके खाते में जमा हजारों-लाखों की राशि साफ कर सकते हैं। खास तौर पर एटीएम से पैसे निकालते वक्त किसी अपरिचित की सहायता लेना भी आपको भारी पड़ सकता है। बीते दिनों अल्मोड़ा नगर में दो ऐसी घटनाएं हुई हैं जब अलग-अलग एटीएम में दो महिलाओं ने पैसे निकालने के लिए वहां मौजूद कुछ संदिग्ध लोगों की मदद ली। उन्होंने चंद मिनटों में एटीएम कार्ड को अपने साथ लाई गई एक डिवाइस पर लगाकर डाटा कॉपी कर लिया और फिर एक खाते से 1.83 लाख और दूसरे से 43 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस को आशंका है कि बाहर से आए साइबर अपराधियों के गैंग ने इन घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने लोगों से एटीएम में पैसे निकालते वक्त सतर्क रहने और फोन पर किसी को बैंक खाते के बारे में कोई जानकारी नहीं देने को कहा है।
मंगलवार को एसएसपी पी रेणुका देवी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इन दोनों महिलाओं ने पूर्व में एटीएम से पैसे निकालने के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति की मदद ली थी। एसएसपी ने बताया कि एटीएम में मौजूद यह लोग संभवतया साइबर अपराधी थे और उन्होंने चंद सेकेंड में एटीएम कार्ड को अपने पास रखी स्कीमिंग डिवाइस में डालकर डाटा कॉपी कर लिए और बाद में एक खाते से 1.83 लाख और एक अन्य खाते से 43 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। इन दोनों मामलों की पुलिस जांच कर रही है और अपराधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
एसएसपी ने लोगों ने एटीएम में पैसे निकालने के दौरान किसी अपरिचित की सहायता नहीं लेने को कहा है। अगर कोई महिला अथवा पुरुष पढ़े-लिखे नहीं हैं और उसे एटीएम से पैसा निकालने के लिए सहायता की जरूरत हो तो ऐसे लोगों को अपने साथ किसी परिचित को ही एटीएम में लेकर जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि फोन में किसी को अपने खाते और एटीएम के बारे में कुछ नहीं बताएं, क्योंकि साइबर अपराधी खुद को बैंक का कर्मचारी अधिकारी बताकर खातों और एटीएम के बारे में पूछते रहते हैं। उन्होंने कहा कि इन दिनों मोबाइल में कई तरह के पुरस्कार जीतने, लाटरी जीतने और हजारों की फ्री कॉल मिलने जैसे मैसेज भी आते हैं। उन्होंने लोगों से इस तरह के मैसेज पर ध्यान नहीं देने को कहा अन्यथा वह ठगे जा सकते हैं। एसएसपी ने बताया कि उन्होंने इसे लेकर बैंक प्रबंधकों के साथ भी बैठकें करके एटीएम में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और वहां सुरक्षा कर्मी तैनात रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस सिविल कपड़ों में नशे के संदिग्ध ठिकानों पर करेगी छापेमारी
एसएसपी पी रेणुका देवी ने बताया है कि अल्मोड़ा नगर और आसपास के क्षेत्रों में चरस और स्मैक आदि के खिलाफ अभियान जारी है और पुलिस इसे सप्लाई करने वालों पर नजर रखे हुए है। हाल के दिनों में कई धंधेबाज जेल भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि बाहर से चरस और स्मैक लाकर बेचने वालों के बारे में लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही नगर में बिलियर्ड केंद्रों और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की टीमें सिविल ड्रेस में भी छापेमारी करती रहेंगी। पुलिस ने स्कूलों में लघु फिल्में दिखाकर बच्चों को जागरूक करने का अभियान भी शुरू किया है।